ऋषिकेश , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में तीर्थनगरी ऋषिकेश के एम्स रोड स्थित बाबा काली कमली के प्रसिद्ध बगीचे में मंगलवार देर रात अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने आग की तीव्रता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। गर्मी के चलते सूखे पत्तों और झाड़ियों ने तेजी से आग पकड़ ली थी, जिससे लपटें तेजी से फैलने लगीं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम आधुनिक अग्निशमन उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय पर की गई कार्रवाई के चलते आग को बगीचे के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया गया, जिससे संभावित भारी नुकसान टल गया।
अग्निशमन अधिकारी सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके बेहद समीप बाबा काली कमली संस्थान का मुख्य कार्यालय स्थित है। इसके अलावा परिसर में यूकेलिप्टस सहित कई फलदार पेड़ भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह कार्यालय और आसपास के पेड़ों को अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर गर्मी के कारण सूखी वनस्पति में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित