ऋषिकेश , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के अंतर्गत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन किलो 93.5 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान पकड़ा।
नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग एवं दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि देख एक युवक को रोका और तलाशी ली। उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान राम खेलावन सिंह उर्फ अभिषेक निवासी बलिया के रूप में हुई है जो वर्तमान में गाजियाबाद में रहता है। पूछताछ में उसने कहा कि वह एक बैग किसी अज्ञात व्यक्ति को बस अड्डे पर देने के लिए लाया था। उसे बैग देने वाले और लेने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी भी नहीं थी। आरोपी पहली बार यहां आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है।
नशे के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर उत्तराखंड पुलिस का अभियान लगातार जारी है और पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित