ऋषिकेश, दिसंबर 16 -- त्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उनकी आपराधिक कुंडली सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दी है। पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी से साफ है कि ये तस्कर लंबे समय से शहर और क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर उनका भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, चंद्रेश्वर नगर निवासी रेखा साहनी पर शराब और सूखे नशे के अवैध कारोबार से जुड़े कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। रेखा साहनी ऋषिकेश कोतवाली की घोषित हिस्ट्रीशीटर है। जबकि पति सुरेंद्र साहनी पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे सहित एक अन्य मामला दर्ज है।
इतना ही नहीं, रेखा साहनी का बेटा रोहित भी अपराध की राह पर चलता नजर आ रहा है। रोहित पर मारपीट, शांति भंग करने और लूट के मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल में बंद है।
इनके साथ ही मायाकुंड निवासी मारकंडे जयसवाल का नाम भी नशा कारोबार में सामने आया है। उस पर शराब व सूखे नशे के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं।
नशा तस्करों की सूची में सबसे ऊपर नाम है गुरुचरण सिंह का, जिस पर नशे के कारोबार से जुड़े 45 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गुरुचरण एक गैंगस्टर के रूप में भी चिन्हित है।
मंगलवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की जानकारी सार्वजनिक करने का उद्देश्य आम जनता को सतर्क करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करों की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित