ऋषिकेश , मार्च 24 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में बदलते मौसम के कारण बीमार पड़ रहे गरीब मरीजों और नगर निगम कर्मचारियों के लिए नगर निगम परिसर में मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में ऋषिकेश के प्रसिद्ध निर्मल आश्रम अस्पताल, एम्स ऋषिकेश और दिल्ली के वेदांता अस्पताल से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर मे 1000 से अधिक लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उन्हें उचित परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।

स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम से नागरिकों और निगम कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब लोग भी विभिन्न बीमारियों की चपेट में आए हैं। इसलिए नगर निगम ने स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्राइवेट अस्पतालों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बुलाकर लगातार हर छोटी-बड़ी बीमारी की जांच करवाई जा रही है।

उन्हाेंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराना है, ताकि मौसम बदलने के बावजूद स्थानीय जनता और कर्मचारियों की सेहत सुरक्षित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित