ऋषिकेश , मार्च 30 -- उत्तराखंड में आबकारी टीम ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून ने कल देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया।

टीम ने बाल्मीकि नगर, चंद्रेश्वर नगर, कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान कृष्णा नगर कॉलोनी से मरनी देवी पत्नी कमलेश साहनी को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला के कब्जे से 22 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त थी।

अधिकारियों ने कहा कि इस छापेमारी का उद्देश्य शराब के अवैध कारोबार को रोकना और युवाओं तथा समाज को नशे से बचाना है। टीम ने बताया कि बरामद शराब और अभियुक्ता को पुलिस हिरासत में लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ऋषिकेश में पिछले कुछ महीनों से आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री और उसके वितरण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि ऐसे छापेमारी अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित