ऋषिकेश , जनवरी 28 -- उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के आगमन से पहले शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि शहर की सड़कों, गलियों और पैदल मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को ऋषिकेश पहुंचने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि शहर की सड़कों, गलियों और पैदल मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाएगी। यदि चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद लोग अतिक्रमण से बाज नहीं आए तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि चार धाम यात्रा में लाखों श्रद्धालु ऋषिकेश पहुंचते हैं। यह मार्ग न केवल यात्रा का प्रवेश द्वार है, बल्कि श्रद्धालु त्रिवेणी घाट, भरत मंदिर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी इसी रास्ते से करते हैं। ऐसे में पैदल चलने में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को और तेज किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम लगातार सड़कों और व्यस्त इलाकों का निरीक्षण कर रही है और अतिक्रमण हटाने के लिए योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जिलाधिकारी ने शहरवासियों और व्यापारियों से भी अपील की कि वह सार्वजनिक मार्गों और पैदल मार्गों को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित