ऋषिकेश , फ़रवरी 04 -- ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे वन विभाग भूमि विवाद को लेकर अब समाधान की दिशा में ठोस पहल होती दिखाई दे रही है। ऋषिकेश की जनता के हित में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस ज्वलंत मुद्दे को संसद से लेकर केंद्र सरकार तक पूरी गंभीरता के साथ उठाया है।

बुधवार को जानकारी देते हुए सांसद भट्ट ने बताया कि सदन में बापूग्राम क्षेत्र के हजारों परिवारों को स्थायित्व प्रदान करने और क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग को प्रभावशाली ढंग से रखी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग सात दशकों से लोग इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं और यहां से नगर निगम को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद जनता आज भी असमंजस और असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन कर रही है।

सांसद ने कहा कि क्षेत्र में सरकार की अनेक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिससे यह सिद्ध होता है कि बापूग्राम न केवल आबादी वाला क्षेत्र है बल्कि प्रशासनिक और विकासात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में जनता को स्थायित्व देना सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति की इस पहल पर कार्रवाई करते हुए बीते दिन समिति के संयोजक राजेश जुगरान के साथ एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया है और शीघ्र समाधान की मांग रखी है।

ऋषिकेश भाजपा जिला मंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि संसद और केंद्र स्तर पर उठ रही आवाज़ों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ऋषिकेश और बापूग्राम की जनता की समस्याओं को लेकर न केवल संजीदा है, बल्कि उन्हें स्थायी समाधान दिलाने के लिए निर्णायक भूमिका निभा रही है। जनता के हित में पार्टी की यह सक्रियता अब सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित