ऊना , अप्रैल 6 -- हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार शाम ऊना जिले में जल शक्ति विभाग की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिये, ताकि जनता को समयबद्ध तरीके से जलापूर्ति और सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की जलापूर्ति और सिंचाई परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें लगभग 550-600 करोड़ रुपये के जलापूर्ति कार्य और 350-400 करोड़ रुपये के सिंचाई कार्य शामिल हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और समय पर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किये। उन्होंने भभौर साहिब से पोलियां बीत तक 175 करोड़ रुपये की लागत वाली नई जलापूर्ति योजना के कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने सूचित किया कि मार्च 2026 तक जिले में 233 जलापूर्ति योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 54 योजनाओं पर काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त, 595 सिंचाई योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिससे 18,796 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिल रही है, जबकि 67 योजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।
श्री अग्निहोत्री ने उल्लेख किया कि जिले में अब तक 3,266 हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा सात सीवरेज योजनाएं भी वर्तमान में प्रगति पर हैं। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने जिन परियोजनाओं को वित्तपोषित किया, उनकी समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 19 योजनाओं में से सात पूरी हो चुकी हैं। शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के उन्होंने निर्देश दिये।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 22.74 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही संतोषगढ़ सीवरेज योजना के शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके।
श्री अग्निहोत्री ने जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के संबंध में जानकारी दी कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में लगभग 600 नलकूप संचालित हैं। जिन नलकूपों की मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है, उनके सुधार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप नलकूपों के वैज्ञानिक और व्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए सभी नलकूपों को नए क्रमांक देकर विधानसभा क्षेत्रवार अद्यतन आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता (जल शक्ति) अंजू शर्मा, मुख्य अभियंता (परियोजना) धर्मेंद्र गिल, मुख्य अभियंता रोहित दुबे, अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान और ऊना जल शक्ति मंडल के सभी अभियंता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित