ऊना , मार्च 05 -- हिमाचल के ऊना में सड़क हादसे में नौ तीर्थयात्री घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक यात्रियों को ले जा रहा एक ट्रक ऊना जिले में पीरनागाह के पास नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गया। बुधवार की रात हादसे के समय गाड़ी में 10-15 श्रद्धालु सवार थे। अधिकारियों ने गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराने की बात कही है।

रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा के कुरुक्षेत्र (पेहोवा) के रहने वाले श्रद्धालु एक ट्रक (एचआर45बी-1564) में बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी और पीरनागाह में माथा टेकने आए थे। बुधवार रात करीब 11 बजे लौटते समय पीर निगाहे के पास चालक का गाड़ी से नियंत्रण खो गया और ट्रक सड़क से उतरकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया। बाकी घायलों का इलाज ऊना में चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित