ऊधमसिंह नगर , मार्च 21 -- झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने यहां ऊधमसिंह नगर बरा गंगवार फार्म में आयोजित सरदार एकता संदेश समारोह में शनिवार को लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे, जिन्हें लौह पुरुष कहा जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्र को एकजुट किया व एक सूत्र में पिरोया। यह एतिहासिक कार्य है।

राज्यपाल ने कहा देवभूमि में लौह पुरूष की प्रतिमा स्थापित करना हमारे लिए गौरव की बात है और यह आने वाली पीढ़ी के लिए एक दिशा देने का काम करेगी। उन्होंने कहा सरदार पटेल को स्मरण करते हुए कहा वे एक दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक व भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख नेता थे। यही नहीं सरदार पटेल दृढ़ नेतृत्व और निर्णय क्षमता के धनी थे वे एक बेबाक और निर्णायक नेता थे, जिन्होंने बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसी चुनौतियों का कुशलता से नेतृत्व किया।

उनके लिए राष्ट्र प्रथम था तथा राष्ट्र की सुरक्षा और एकता सबसे ऊपर थी। उन्होने कहा हम सबको यह संकल्प लेना होगा कि हमे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषा व क्षेत्रीयता से उपर उठकर राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखकर कार्य करें।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। देश की विभिन्न हिस्सों को सांस्कृतिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे है और उनके आदर्शो को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित