रुद्रपुर , मार्च 05 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पुलिस ने कच्ची शराब माफियाओं के खिलाफ पर जोरदार प्रहार करते हुए पिछले पांच दिनों में जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 115 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 106 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में कच्ची शराब के खिलाफ विगत 28 फरवरी से सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर 2,822 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसी के साथ ही 61 शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया और शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले 1,47,645 लीटर लहन को नष्ट किया गया। शराब तस्करी में प्रयुक्त कई वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया है।
अभियान के दौरान काशीपुर, बाजपुर, जसपुर, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा समेत कई थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर हजारों लीटर लाहन नष्ट किया गया।
कार्रवाई में खटीमा और सितारगंज क्षेत्र सबसे आगे रहे। खटीमा में 14 मामले दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि सितारगंज में 13 मामलों में 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 333 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा बाजपुर, काशीपुर और गदरपुर में भी पुलिस ने अवैध भट्टियों को ध्वस्त करते हुए बड़ी मात्रा में लाहन नष्ट किया।
एसएसपी गणपति के अनुसार अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित