रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर , मार्च 10 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गिरोहबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार थाना आईटीआई में गैंगस्टर एक्ट में दर्ज एक मामले में यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि यह गिरोह आम लोगों के साथ मारपीट, धमकी और जमीनों की फर्जी बिक्री दिखाकर आर्थिक लाभ कमाने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। गिरोह की गतिविधियों से लोक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी जिसके चलते गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई।
जिन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनमें आशीष चौहान उर्फ पटवारी (37), निवासी वैशाली कॉलोनी, आईटीआई कोतवाली, अमरजीत सिंह (32) निवासी वैशाली कॉलोनी खड़कपुर देवीपुरा, आईटीआई कोतवाली, गुरुप्रेम सिंह (32) निवासी पटेलनगर, कोतवाली काशीपुर और कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी (36) निवासी वार्ड नं० 17 मनसा देवी कानूनगोयान, थाना काशीपुर, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक रवि कुमार (प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई), निरीक्षक राजेन्द्र सिंह डांगी (प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जसपुर), निरीक्षक सुनील सुतेड़ी (प्रभारी एसओजी काशीपुर), उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक देवेन्द्र मेहता, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी, उपनिरीक्षक सौरभ भारती, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सामन्त, समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित