अमृतसर , अप्रैल 04 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने शनिवार को सपरिवार सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

दर्शन करने के उपरांत श्री औलख शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर एडवोकेट धामी ने कहा कि श्री औलख गुरु घर के प्रति अटूट श्रद्धा और सम्मान रखते हैं। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी को समर्पित गुरुद्वारा दोबड़ी साहिब (असम) से सजाये गये नगर कीर्तन के उत्तर प्रदेश राज्य में पहुंचने पर, श्री औलख के नेतृत्व में सरकार ने भव्य स्वागत किया था।

उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन जितने दिन भी उत्तर प्रदेश में रहा, श्री औलख और उनके परिवार ने गुरु साहिब के सम्मान में निरंतर अपनी सेवाएं निभाईं। एडवोकेट धामी ने नगर कीर्तन के दौरान बलदेव सिंह द्वारा की गयी सेवाओं की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की आशा व्यक्त की।

इसी बीच, श्री औलख ने शिरोमणि कमेटी द्वारा मिले इस सम्मान के लिए एडवोकेट धामी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पूरी मानवता के लिए सर्व-साझा केंद्र है। इस पावन स्थान केदर्शन करके वह स्वयं को बहुत सौभाग्यशाली महसूस करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित