भुवनेश्वर , मार्च 13 -- ओडिशा पुलिस, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के सहयोग से शनिवार को भुवनेश्वर के पुलिस भवन में बच्चों के डिजिटल अधिकारों और सुरक्षा पर आधारित एक सम्मेलन "जुवेंटिका" का आयोजन करेगी।

इस सम्मेलन में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पुलिस नेतृत्व, शिक्षक, अभिभावक, छात्र, डिजिटल सामग्री निर्माता और बाल अधिकार विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। वे बच्चों द्वारा डिजिटल दुनिया में सामना की जा रही बढ़ती चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे। बच्चे अपना काफी समय ऑनलाइन पढ़ाई करने, मेल-जोल बढ़ाने और अपनी बात रखने में बिता रहे हैं, ऐसे में डिजिटल मंच उनके बचपन के अनुभवों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस सम्मेलन का उद्देश्य इस बात पर व्यापक चर्चा करना है कि परिवार, संस्थाएं और समुदाय मिलकर कैसे काम कर सकते हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बच्चे डिजिटल वातावरण में सुरक्षित, सूचित और सशक्त रहें। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग, पुलिस महानिदेशक वाई. बी. खुरानिया और अपराध शाखा के पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्रा के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ इन चर्चाओं में भाग लेंगे।

दिन भर चलने वाले इस आयोजन में मुख्य भाषण औऱ डाटा सुरक्षा से जुड़े शोध और ऑनलाइन रहने वाले बच्चों के लिये आयु-उपयुक्त मानकों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही, युवाओं पर डिजिटल संस्कृति के प्रभाव पर चर्चित हस्तियों के साथ बातचीत और ऑनलाइन खतरों से निपटने में पुलिस की भूमिका, डिजिटल प्रभाव और डिजिटल तंत्र में बच्चों के अधिकारों पर आधारित चर्चाएं भी होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित