चेन्नई , मार्च 31 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन के चुनाव प्रचार वाहन को मंगलवार को चुनाव आयोग के उड़न दस्ते के अधिकारियों ने रोककर उसकी जांच की।
23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान के लिए श्री स्टालिन तंजावुर से तिरुवारूर जा रहे थे। इसी दौरान चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण उड़न दस्ते के अधिकारियों ने सालियामंगलम गांव में उनके वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें तिरुवारूर के लिए रवाना होने की अनुमति दे दी गयी।
तिरुवारूर से ही वह राज्य में सत्तारूढ़ द्रमुक के नेतृत्व वाले बहुदलीय धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के उम्मीदवारों के पक्ष में अपना तीन सप्ताह लंबा धुआंधार प्रचार अभियान शुरू करने वाले हैं।यह जांच मतदान से पहले नकदी या सामान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चुनाव आयोग की बढ़ी हुई सतर्कता को दर्शाती है।
वर्ष 2021 की चुनावी जीत को दोहराने और लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे श्री स्टालिन चेन्नई की कोलाथुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वह इस सीट से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले उन्हें पिछले तीन चुनावों में यहां से आसान जीत मिली थी। उन्होंने कल सोमवार को ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित