कैनबरा , मार्च 24 -- यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने मंगलवार को अमेरिका और ईरान से पश्चिमी एशिया में शत्रुता समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट को कम करने के लिए तुरंत बातचीत शुरू करने का आग्रह किया।

कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद सुश्री लेयेन ने कहा कि बढ़ते संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित किया है और तेल तथा गैस की कीमतों को बढ़ा दिया है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने गंभीर वैश्विक आर्थिक परिणामों की चेतावनी देते हुए एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति के लिए स्थिति गंभीर है। हम सभी गैस और तेल की कीमतों, व्यवसायों और समाजों पर इसके प्रतिकूल प्रभावों को महसूस कर रहे हैं। यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हम एक ऐसे समाधान पर पहुँचें जिस पर बातचीत हो और यह जरूरी है की पश्चिमी एशिया में चल रही शत्रुता को समाप्त किया जाए।"सुश्री लेयेन ने ईरान की निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और बुनियादी ढांचे पर हमलों के माध्यम से महत्वपूर्ण नौवहन मार्ग को अवरुद्ध करने के ईरान के प्रयासों की 'निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, "ईरान को धमकियाँ देना, माइंस बिछाना, ड्रोन और मिसाइल हमले करना और वाणिज्यिक नौवहन के लिए जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने के अन्य प्रयासों को तुरंत रोकना होगा।"ऑस्ट्रेलियाई संसद को संबोधित करते हुए यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि तेजी से अस्थिर होती दुनिया में भौगोलिक दूरी अब सुरक्षा की गारंटी नहीं देती है। उन्होंने कहा, "हम जिस दुनिया में रह रहे हैं वह क्रूर और कठोर है और जिसमें क्षमा के लिए कोई जगह नहीं है। सब कुछ उल्टा-पुल्टा हो गया है। जिन्हें हम निश्चित मानते थे, वे सवालों के घेरे में हैं। कल की सुख-सुविधाएं खत्म हो गई हैं।"सुश्री लेयेन की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी टीम संभावित शांति वार्ता के संबंध में ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित