हरिद्वार , दिसंबर 29 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में उर्मिला सनावर प्रकरण में विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने सोमवार को विशेष जांच टीम (एसआईअी) का गठन किया।

गठित एसआईटी की जिम्मेदारी सिटी पुलिस अधीक्षक अभय कुमार सिंह को सौंपी गई है। उर्मिला सनावर के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर, कोतवाली रानीपुर, थाना बहादराबाद और थाना झबरेड़ा में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। इन सभी मामलों की अलग-अलग लेकिन समन्वित जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

एसआईटी में दो निरीक्षकों सहित कुल सात सदस्यों को शामिल किया गया है। टीम में निरीक्षक शांति कुमार गंगवार (प्रभारी कोतवाली रानीपुर), निरीक्षक कुंदन सिंह राणा (प्रभारी कोतवाली ज्वालापुर), उप निरीक्षक अंकुर शर्मा (प्रभारी थाना बहादराबाद), उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह (थाना झबरेड़ा), अपर उप निरीक्षक रणजीत सिंह बिष्ट, कांस्टेबल विनय तथा कांस्टेबल वसीम (सीआईयू हरिद्वार) शामिल हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि एसआईटी सभी प्रकरणों की गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित