श्रीनगर , मार्च 17 -- उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में मंगलवार को खोज अभियान के दौरान झेलम नदी में गिरने से एक नेवी मरीन कमांडो (एमएआरसीओएस) गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुये बताया कि घायल कमांडो को इलाज के लिये सेना के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।घायल कमांडो नौसेना कर्मियों, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) बारामूला और जम्मू-कश्मीर पुलिस के उस संयुक्त दल का हिस्सा था, जिसने चंदनवाड़ी बोनियार में खोज अभियान फिर से शुरू किया था। यह दल 13 मार्च को नदी में कूदने वाली एक महिला के शव की तलाश कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

नौसेना का यह कमांडो बचाव अभियान के दौरान फिसलकर नदी में गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत बचाकर प्रारंभिक उपचार के लिए सेना के अस्पताल ले जाया गया। कमांडो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाद में सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) बारामूला भेज दिया गया। वहां के डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल के लिए भेज दिया।

अधिकारियों के मुताबिक कमांडो की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित