जालौन , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को असलहों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस और स्वाट टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।

उन्होंने बताया कि 23 फरवरी की रात संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर इगलाशपुरा चौराहे के पास श्मशान घाट के पीछे कच्चे रास्ते से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में खलक सिंह उर्फ खेमा, कल्लू राजपूत, सुरेन्द्र राजपूत, वीर सिंह, अमित राजपूत तथा दुर्गा देवी शामिल हैं, जो हमीरपुर और जालौन जनपद के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक राउटर, एक डीवीआर, दो सब्बल, चार तमंचे तथा .315 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी खलक सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में वह पीड़ित के पड़ोस में किराए पर रहता था। आपसी विवाद और रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर 18/19 फरवरी की रात वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया गया था, जबकि कुछ आभूषण बेचकर 66 हजार रुपये प्राप्त किए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी आगे भी इसी प्रकार की घटनाओं की योजना बना रहे थे, जिन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित