रायपुर , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने तीन दिवसीय असम प्रवास के दूसरे दिन आज लखीमपुर जिले के भीमपारा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि असम की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में स्पष्ट निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, "असम की जनता एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।"उन्होंने कहा, ''मैं जनता का मन पढ़ना जानता हूं, असम कह रहा है-एक बार फिर भाजपा सरकार।'' उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने असम को विकास के नए शिखर पर पहुंचाया है और यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।

जनसभा के दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समृद्ध और विकसित असम के लिए फिर से भाजपा सरकार बनना आवश्यक है।

श्री अरुण साव बूथ विजय अभियान के तहत शनिवार को लखीमपुर जिला भाजपा समिति द्वारा आयोजित संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। बैठक में लखीमपुर, रंगनाडी और नाओबाइचा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं असम के लाखों कार्यकर्ताओं की तरह एक सामान्य कार्यकर्ता हूं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।''इसके बाद उन्होंने विधायक मानव डेका के साथ भीमपारा में जनसभा को संबोधित किया और संगठनात्मक स्थिति का जायजा लिया।

आठ फरवरी को बूथ विजय अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने चार विधानसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक बैठकें लीं। ढाकुआखाना और धेमाजी स्थित भाजपा कार्यालयों में धेमाजी, सिसीबोरगांव और जोनाई विधानसभा के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। वहीं नौ फरवरी को दो अन्य विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

असम दौरे के पहले दिन डिब्रूगढ़ स्थित भूपेन हजारिका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने साहू समाज के प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात की। समाज के लोगों ने बताया कि छत्तीसगढ़ से आए अनेक परिवार वर्षों से असम को अपनी कर्मभूमि बनाकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जबकि मातृभूमि से उनका भावनात्मक जुड़ाव आज भी बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने श्री अरुण साव को असम की नौ विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में वे बूथ विजय अभियान के तहत लगातार बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित