सहारनपुर , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को यहां पीएचसी जडौदा जट्ट ब्लॉक देवबन्द का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहत करने के निर्देश दिये।

श्री पाठक स्वयं रोगियों की लाइन में लग कर दवा कांउटर तक पंहुचे और वहां मौजूद रोगियों से वार्तालाप कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। रोगियों द्वारा बताया गया कि अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा अच्छे से उपचार किया जाता है तथा दवाईयां भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होने चिकित्सालय में ओपीडी रजिस्टर की भी जांच की।

उप मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा प्रवीण कुमार को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने तथा साफ सफाई व गुणवत्तापूर्वक बनाये रखने के निर्देश दिये।

इसके पूर्व उन्होने राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह के पैतृक आवास जड़ौदा जट्ट, देवबंद पहुंचकर उनके दिवंगत पिता स्व डॉक्टर राजकुमार रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, एमओआईसी डा रियांका, डा विरेन्द्र कटारिया उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित