फर्रुखाबाद , जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश शासन में समाज कल्याण ( स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश में सुशासन और विकास की सरकार चल रही है।
श्री अरुण ने शनिवार को फर्रुखाबाद जिला मुख्यालय स्थित फतेहगढ़ पी डव्लू डी निरीक्षण भवन में भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने पांचाल गंगा घाट पर लगे मेला श्री राम नगरिया में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम में जिले के राष्ट्रीय कवि डॉक्टर शिव ओम अंबर एवं अन्य को सम्मानित किया तथा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा के चुनाव अत्यंत निकट हैं ,इससे पहले जिला पंचायत के होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी को संगठन के समस्त कार्यक्रम अभियानों के साथ जुटाना होगा।
मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में सुशासन और विकास की सरकार चल रही है ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वह केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को जनता के बीच सर्वाधिक लोकप्रिय बनाने के लिए प्रचारित एवं प्रसारित करने का कार्य करें । ताकि जनता के बीच सरकार के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो सके। भाजपा सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए उत्थान के कार्यक्रम चला रही है,जबकि विपक्ष के लोग भाजपा को हराने के लिए विभिन्न समाजो में विघटन पैदा करके, दोबारा सत्ता में वापस आने का प्रयास करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित