जालंधर , मार्च 14 -- घरेलू गैस सिलेंडरों की उचित, पारदर्शी और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए उपायुक्त डाॅ हिमांशु अग्रवाल की हिदायतों पर गैस एजेंसियों की लगातार जांच की जा रही है, ताकि मौजूदा हालात में आम लोगों को गैस सिलेंडरों के लिए किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
नियंत्रक जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नरिंदर सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीमों द्वारा शनिवार को जालंधर, महितपुर, फिल्लौर, नकोदर और गोराया सहित जिले के विभिन्न इलाकों में गैस एजेंसियों और उनके गोदामों की जांच की गयी। जांच दौरान जहां सिलेंडरों का वजन, बुकिंग प्रक्रिया आदि की जांच की गयी, वहीं गैस एजेंसियों के मालिकों को हिदायत दी गयी कि जिला प्रशासन पूरे मामले पर बारीकी से नजर रख रहा है, इसलिए गैस आपूर्ति नियमों के अनुसार और समय पर सुनिश्चित की जाये।
डाॅ अग्रवाल ने कहा कि आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर सख्त निगरानी रख रहा है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) के नेतृत्व में एक विशेष कमेटी का गठन भी किया गया है, जो जिले में गैस सिलेंडरों की उचित आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ सिलेंडरों की कालाबाजारी, गैर-कानूनी जमाखोरी/ भंडारण को रोकने के लिए जरूरी सख्त कदम उठाएगी।
डॉ अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराहट में आकर गैर-जरूरी खरीददारी न करें। यदि कहीं भी गैर-कानूनी जमाखोरी या कालाबाजारी का मामला सामने आये तो कमेटी के ध्यान में लाया जाये, ताकि तुरंत उचित कार्रवाई की जा सके। आम लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने की अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि गैस सिलेंडरों की किल्लत की अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित