मोतिहारी , अप्रैल 02 -- भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 04 अप्रैल को आयोजित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने गुरुवार को चाणक्य परिसर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि यह समारोह 4 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:30 बजे महात्मा गांधी सभागार मोतिहारी में आयोजित होगा। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति दीक्षांत भाषण देंगे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. महेश शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
कुलपति ने कहा कि कि समारोह में सैयद अता हसनैन, नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी तथा सांसद राधा मोहन सिंह की उपस्थिति प्रस्तावित है।
कुलपति संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में कुल 475 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 84 स्नातक, 235 स्नातकोत्तर, 116 विद्यावाचस्पति शोधार्थी एवं 40 अवशेष विद्यार्थी शामिल हैं। साथ ही 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें अदिति प्रज्ञा एवं सिमरन साहिवाल को कुलाधिपति पदक प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित