मुंबई , फरवरी 03 -- महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पुणे और बीड जिलों की संरक्षक मंत्री का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने मंगलवार को जारी आधिकारिक परिपत्र में यह जानकारी दी।
सुश्री सुनेत्रा पवार ने कहा, "मैं यह जिम्मेदारी भारी मन लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ स्वीकार करती हूं। अजित दादा ने मुझे जनता के प्रति कर्तव्य और प्रतिबद्धता के जो मूल्य सिखाए हैं, वही इन जिलों की सेवा में मेरा मार्गदर्शन करेंगे।"सूत्रों के मुताबिक उपमुख्यमंत्री को यह अतिरिक्त प्रभार देना मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 'डैमेज कंट्रोल' रणनीति का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने फिलहाल रणनीतिक वित्त विभाग अपने पास रखा है, जो पहले दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास था।
अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा, "अजित पवार के पास वित्त विभाग था। इस विषय पर मुख्यमंत्री फडणवीस से चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार हाल ही में सरकार में नियुक्त हुई हैं और उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने में कुछ समय लगेगा।"श्री पटेल ने आगे कहा, "राज्य का बजट कुछ ही दिनों में पेश होना है। बजट प्रस्तुत करना केवल भाषण देना नहीं होता, बल्कि उस पर गहन चर्चा और सवालों के जवाब भी देने होते हैं। बजट तैयार करने की प्रक्रिया भी लंबी होती है। अजित पवार को वित्त विभाग का व्यापक अनुभव था, इसलिए उन्हें कभी कोई कठिनाई नहीं हुई। लेकिन चूंकि बजट सत्र नजदीक है और सुश्री सुनेत्रा पवार मंत्रिमंडल में नई हैं, इसलिए मुख्यमंत्री ने कुछ समय के लिए स्वयं वित्त विभाग संभालने का निर्णय लिया है।"सुश्री सुनेत्रा पवार की जल्दबाजी में नियुक्ति के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा, "सुनील तटकरे, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर यह निर्णय लिया। हमने पार्थ पवार और जय पवार से भी मुलाकात की। जनता और कार्यकर्ताओं की भावना थी कि पवार परिवार से ही कोई इस जिम्मेदारी को संभाले, इसलिए यह फैसला लिया गया।"पुणे और बीड की संरक्षक मंत्री के रूप में सुश्री सुनेत्रा पवार उन क्षेत्रों की प्रत्यक्ष निगरानी करेंगी, जो अजित पवार की राजनीतिक पहचान और विरासत के केंद्र रहे हैं। पवार परिवार का गढ़ माने जाने वाला पुणे, अजित पवार के प्रभाव का प्रमुख केंद्र रहा है। सूत्रों के अनुसार, सुश्री सुनेत्रा पवार यहां उनके द्वारा शुरू की गई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की निगरानी करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित