पटना , जनवरी 13 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के ज्येष्ठ पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के घर पर दही चूड़ा भोज में शामिल होने से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।
श्री यादव मंगलवार को मकर संक्रांति के अवसर पर पटना में वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा आयोजित चूड़ा-दही भोज में शामिल हुए।
मकर संक्रांति के अवसर पर, अशुभ खरमास माह की समाप्ति के उपलक्ष्य में, विजय कुमार सिन्हा ने पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया था। इस भोज में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता और तेज प्रताप यादव उपस्थित थे।
तेज प्रताप यादव पर सबकी निगाहें टिकी थीं, जिन्होंने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) का गठन किया था। अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ संबंध और शादी की खबरों को लेकर विवाद के बाद लालू प्रसाद ने पिछले साल उन्हें राजद से निष्कासित कर दिया था और यह भी घोषणा की थी कि उनके परिवार का तेज प्रताप से अब कोई संबंध नहीं है। इसके बाद तेज प्रताप ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के खिलाफ अपनी पार्टी के उम्मीदवार भी उतारे थे।
बिहार चुनाव में तेज प्रताप सहित उनकी पार्टी का कोई भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सका, लेकिन एक दूरगामी राजनीतिक प्रभाव वाले कदम के तहत, विधानसभा चुनाव के बाद तेज प्रताप ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की थी। उनके छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव के बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होते हुए भी यह घोषणा कुछ अलग राजनीतिक संकेत दे रही थी।इसके बाद राजग नेताओं के साथ तेज प्रताप की नजदीकियों ने उनके बदले हुए तेवर की तरफ इशारा किया और भाजपा से उनकी नजदीकियों की अटकलें तेज होने लगीं।
बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव और एससी/एसटी कल्याण मंत्री संतोष कुमार सुमन सहित कई राजग नेताओं ने भविष्य में तेज प्रताप के उनके खेमे में शामिल होने की संभावना को हवा दे दी।
भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि यदि तेज प्रताप राजग में शामिल होते हैं तो यह बेहतर होगा। इसी तरह की राय हम (सेक्युलर) नेता और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने भी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित