बारां , दिसम्बर 29 -- वर्तमान समय मे उपभोक्ताओं काे जागरूक होना आवश्यक है, उपभोक्ता के जागरूक होने से ही वर्तमान समय में हो रही ठगी से बचा जा सकता है।

उक्त उद्गार राजस्थान में बारां में सोमवार को उपभोक्ता जागरूकता पर आयोजित संगोष्ठी में भारतीय उपभोक्ता महासंघ (सीसीआई) राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅअनंत शर्मा ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि सीसीआई द्वारा 24 दिसम्बर से 15 मार्च तक पूरे भारत में उपभोक्ता जागरूकता यात्रा निकाली जा रही है, उसी क्रम मे बारां जिले मे इस यात्रा का यहां आयोजन किया गया।

डाॅ शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का उदेश्य उचित व्यापारिक व्यवहार, प्रभावी नियामक, उपभोक्ता का सशक्तीकरण, सहज सुनवाई, त्वरित न्याय , मिलावट पर अंकुश, भ्रामक विज्ञापनों पर रोक , डेटा सुरक्षा सुनिश्चिता इत्यादि है। उन्होनें कहा कि वर्तमान में समय बदल चुका है और उपभोक्ताओ के साथ हर कदम पर ठगी और मिलावट खोरी हो रही है। हमें इसके लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने चाहिए और एक उपभोक्ता संरक्षण के तौर पर बुलंद आवाज बननी चाहिए।

कार्यक्रम में सीसीआई के उपाध्यक्ष डाॅ अरुण कुमार, राष्टीय कार्यकारी अध्यक्ष एम. सेल्वराज, राष्टीय महासचिव मुकेश वेष्णव, राष्ट्रीय महासचिव तिरनावकर ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष ज्योति गौड ने कहा कि उपभोक्ता कानूनों का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओ को जागरूक होना चाहिए। किसी भी उपभोक्ता को उपभोक्ता हित मे कोई समस्या हो तो सीसीआई को सूचित करें।

कार्यक्रम में संस्था के सचिव संदीप जैन ने बताया कि जिले में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर विधार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित