कानपुर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण के साथ दक्षिण जोन के अंतर्गत कानपुर कन्या महाविद्यालय इंटर कॉलेज, खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने को कहा गया।

इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने भी सेन्ट्रल जोन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है तथा भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित