बड़वानी , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र में उधार दिए गए 100 रुपए मांगने पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पाटी से करीब दो किलोमीटर दूर पटेल फलिया निवासी 35 वर्षीय फूल सिंह ने कुछ दिन पहले मनीष को 100 रुपए उधार दिए थे। शनिवार देर रात फूल सिंह ने मनीष से अपनी राशि वापस मांगी, जिस पर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर मनीष, वीरेंद्र और रणछोड़ सोलंकी ने फूल सिंह के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उसे घर ले गए और प्रारंभ में चोट साधारण समझकर अस्पताल नहीं ले गए तथा पुलिस को भी सूचना नहीं दी।

रविवार तड़के फूल सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम में हृदय और निजी अंगों में गंभीर चोटें पाई गईं, जो मृत्यु का कारण बनीं।

पुलिस ने 19 से 23 वर्ष आयु के तीनों आरोपियों को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित