अमरोहा, मई 08 -- उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के डिडौली क्षेत्र में कमेटी के बकाया पैसे मांगने को लेकर उपजे विवाद में एक युवक पर कैंची से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की नाजुक स्थिति बनी हुई है। घायल को जिला अस्पताल मुरादाबाद भेजा गया है। पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ग्राम पायती कलां निवासी अहमद रजा अपने घायल भाई मोहम्मद रजा को लहूलुहान अवस्था में लेकर थाना डिडौली पहुंचे थे। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जोया भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अमरोहा रेफर किया गया था लेकिन हालत नाज़ुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद हायर सेंटर भेज दिया है।
घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने घायल मोहम्मद रजा से पूछताछ कर उसका वीडियो बयान दर्ज किया। घायल ने अपने बयान में बताया कि गांव निवासी अरमान, कमेटी डालने का काम करता है और साथ ही घर पर परचून व नाई की दुकान भी चलाता है। पीड़ित के मुताबिक उसकी कमेटी अरमान के पास चल रही थी और अन्य सभी सदस्यों को भुगतान होने के बाद भी उसका पैसा बकाया था। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे जब मोहम्मद रजा अपने पैसे मांगने के लिए अरमान की दुकान पर पहुंचा, तो आरोप है कि अरमान ने विवाद करते हुए अपनी दुकान से कैंची उठाकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में मोहम्मद रजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
चिकित्सकों ने घायल की स्थिति चिंताजनक बताते हुए बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया है। इधर, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित