रूद्रपुर , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले की वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 74.13 करोड़ की जिला योजना को मंजूरी दे दी गई है।
मा. प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में सोमवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में इसे मंजूरी दी गई।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को निष्पक्षता के साथ योजना में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला योजना जनपद के छोटे लेकिन महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति देने का प्रमुख माध्यम है।
श्री बत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई व पेयजल जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही सभी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और पानी की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर लंबित योजनाओं के लिए भी जल्द धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा और सीएसआर मद से भी जरूरी कार्य कराए जाएं।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि योजना में स्वरोजगार और आजीविका आधारित योजनाओं के साथ शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और नवाचार को प्राथमिकता दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित