नयी दिल्ली , जनवरी 25 -- कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक समेत उद्योग जगत की चार हस्तियों को रविवार को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने की घोषणा की गयी।
उदय कोटक को पद्म भूषण से अलंकृत किया जायेगा। अशोक खरे, सत्यनारायण नुवाल और टी.टी. जगन्नाथन (मरणोपरांत) को पद्म श्री से सम्मानित किया जायेगा।
मुंबई में 15 मार्च 1959 को जन्मे श्री कोटक एक गुजराती परिवार से हैं जो कपास का कारोबार करता था। उनका पालन पोषण 60 सदस्यों वाले संयुक्त परिवार में हुआ था। एमबीए की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने कोटक कैपिटल फाइनेंस लिमिटेड की शुरुआत की जो साल 2003 में एक वाणिज्यिक बैंक बना।
महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक दलित मोची परिवार में जन्मे अशोक खरे ने शुरुआती जीवन में मझगांव डॉक में प्रशिक्षु के रूप में काम किया। बाद में उन्होंने अपने भाइयों के साथ मिलकर डीएएस ऑफशोर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से अपनी एक फैब्रिकेशन कंपनी स्थापित की। आज उनकी कंपनी चार हजार से अधिक लोगों को रोजगार देती है।
एक सरकारी कर्मचारी के घर जन्मे श्री नुवाल का झुकाव शुरू से ही व्यापार में रहा था। उन्होंने 18 साल की उम्र में 1970 में स्याही बनाने की कंपनी शुरू की थी। साल 1995 में उन्होंने सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया की स्थापना की जो पहले औद्योगिक विस्फोटकों का व्यापार करती थी और बाद में सेना के लिए गोला-बारूद का निर्माण भी करने लगी। यह रक्षा क्षेत्र में काम करने वाली देश की पहली लाइसेंस प्राप्त कंपनी बनी। उनकी कंपनी का नेटवर्थ 5.5 अरब डॉलर है और कंपनी घरेलू बिक्री से ज्यादा निर्यात करती है।
टीटीके प्रेस्टिज कंपनी के संस्थापक टी.टी. जगन्नाथन ने प्रेशर कुकर के लिए जीआरएस (ग्रेविटी रिलीज सिस्टम) सुरक्षा प्रणाली का आविष्कार किया था। एक उद्योगपति होने के साथ उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दिया। पिछले साल 09 अक्टूबर को उनका निधन हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित