उदयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान में उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद) वन्दे भारत रेलगाडी का सोमवार को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
उदयपुर सिटी स्टेशन पर नयी वंदे भारत रेलसेवा का शुभारंभ सांसद उदयपुर डॉ मन्नालाल रावत और सांसद चित्तौड़गढ़ सी पी जोशी एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव एवं क्षेत्रीय प्रबंधक महेंद्र देपाल सहित अन्य रेलवे अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यह रेलगाडी आठ अत्याधुनिक डब्बों से युक्त है, जिसमें यात्रियों को स्वचालित दरवाजे, सीटें, सीसीटीवी निगरानी, चार्जिंग प्वाइंट्स और कैटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह नई रेलसेवा नियमित गाडी संख्या 26963/26964, उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा)- उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोडकर) के रूप में 18 फरवरी से संचालित होगी। यह उदयपुर सिटी से सुबह छह बजकर.10 मिनट पर रवाना होकर 10 बजकर 25 पर असारवा पहुॅचेगी।
इसी प्रकार गाडी संख्या 26964, अहमदाबाद (असारवा) -उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा 18 फरवरी से असारवा से शाम पौने छह बजे रवाना होकर रात दस बजे उदयपुर सिटी पहुॅचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में जावर, डूंगरपुर एवं हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित