उदयपुर , मार्च 01 -- प्रतिष्ठित औद्योगिक संगठन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से उदयपुर में "राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो- 2026" (राइटेक्स) के द्वितीय संस्करण का आयोजन 20 मार्च से आयोजित किया जाएगा।
पीएचडी चैम्बर के संभागीय संयोजक मुकेश माधवानी ने रविवार को यहां बताया कि तीन दिवसीय इस महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन यहां बीएन कॉलेज मैदान में होगा। उन्होंने बताया कि राइटेक्स के आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (एमएसएमई) इकाइयों को इस प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य में नये व्यवसाय की संभावनाओं, व्यापार, निवेश, नई तकनीक एवं नवाचारों से जोड़ना है।
श्री माधवानी ने बताया कि यह आयोजन उद्योगों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़े स्तर पर व्यापार सृजन की प्रबल संभावना है।इस एक्सपो में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों का समागम देखने को मिलेगा। राइटेक्स में मुख्य रूप से खाद्य प्रसंस्करण, फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प, पर्यटन, नवीनीकरण ऊर्जा, आयुष, खनन, स्टोन्स, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) एवं जीआई. उत्पाद, वस्त्र, मशीनरी, आभूषण, फर्नीचर और निर्माण सामग्री आदि आधारित उद्योगों की व्यापक प्रदर्शनी लगायी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ निकटवर्ती राज्यों से करीब 250 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे। इस दौरान करीब 35 हजार आगंतुकों के आने की संभावना है। एक्सपो में मध्यप्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, उत्तरप्रदेश, पंजाब एवं हरियाणा सहित देश के कई राज्यों के उद्योग अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित