राजस्थान हेयर अधिवेशनउदयपुर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में झीलों की नगरी उदयपुर में हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया (एचबीएफ इंडिया) का पहला अधिवेशन सात जनवरी को आयोजित किया जाएगा। एचबीएफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल ने मंगलवार को बताया कि अधिवेशन में देश के 15 राज्यों के 250 ब्यूटी आर्टिस्ट एवं विशेषज्ञ भाग लेंगे।
श्री पालीवाल ने बताया कि अधिवेशन के पहले सत्र में उद्घाटन कार्यक्रम होगा और उसके बाद फैशन शो आयोजित होगा। इसमें देश भर की करीब 15 मॉडल ब्यूटी एवं क्रियेटिव हेयर स्टाइल का प्रदर्शन करेंगी। इन्हें तैयार करने वाले देश के नामी हेयर विशेषज्ञ भी उदयपुर आ रहे हैं जिन्हें कई बडे मंचों पर अवार्ड मिल चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अधिवेशन के दूसरे सत्र में फेडरेशन के तय किये गये 13 विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करके निर्णय लिए जाएंगे। इनमें प्रमुख रुप से सभी राज्यों में केश कला बोर्ड का गठन करने एवं बोर्ड के लिए समुचित बजट जारी करने, कार्यकाल चार वर्ष करने और बोर्ड अध्यक्ष पद पर इस पेशे से जुडे व्यक्ति को ही नियुक्त करने की मांग प्रमुख है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा और शिक्षा, केमिकलयुक्त प्रसाधन सामग्री से बचने के लिए लोगों को जागरुक करने, पेशे से जुडे लोगों को भी पद्मश्री अवार्ड देने, इस पेशे में काम करने वाले लोगों के लिए पेंशन एवं स्वास्थ्य की माकूल व्यवस्था के लिए योजना बनाने, व्यवसाय विकास और एकजुटता को लेकर चर्चा की जाएगी।
चर्चा के पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर एक समिति का गठन किया जाएगा जो इन मुद्दों को सरकार तक लेकर जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित