उदयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में उदयपुर में भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति द्वारा नवसंवत्सर उत्सव पर पांच दिवसीय कार्यक्रम 18 मार्च से "पंच परिवर्तन"के संकल्प के साथ मनाया जाएगा।

समिति के संयोजक डॉ. परमवीर सिंह दुलावत ने सोमवार को बताया कि पिछले चार वर्षों से उदयपुर में भारतीय नववर्ष को सर्व समाज के सहयोग से भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी 18 से 22 मार्च तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन 18 मार्च को अपरान्ह तीन बजे भगवा चार पहिया वाहन रैली महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गो से होती हुई समापन स्थल सब-सिटी सेंटर पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि19 मार्च को शहर की 73 बस्तियों के प्रमुख मंदिरों में समाज जन द्वारा महाआरती, गंगा आरती, हनुमान चालीसा पाठ सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। दूसरे दिन 20 मार्च को सिंधी समाज के चेटीचंड पर्व के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में भी शामिल होगी।

डॉ दुलावत ने बताया कि 21 मार्च को शहर के प्रमुख मंदिरों में भव्य शंखनाद एवं घोष वादन का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत बोहरा गणेशजी मंदिर, जगदीश मंदिर, गुरुद्वारा सचखंड दरबार सिख कॉलोनी, रामदेव मंदिर ठक्कर बापा कॉलोनी, जैन मंदिर सेक्टर-4 और खेड़ा देवी मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 22 मार्च को अपराह्न बजे भव्य शोभायात्रा भंडारी दर्शक मंडप (गांधी ग्राउंड) से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टाउन हॉल नगर निगम प्रांगण पहुंचेगी। इस शोभायात्रा में मातृशक्ति मंगल कलश धारण करके मंगलाचार गाते हुए शामिल होगी। विभिन्न समाजों की करीब 100 झांकियां, अखाड़े, धार्मिक ध्वज, ढोल-नगाड़े और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित