उदयपुर , मार्च 13 -- राजस्थान में उदयपुर में नारायण सेवा संस्थान के सेवा महातीर्थ, बड़ी परिसर में दो दिवसीय 45वां निशुल्क दिव्यांग एवं निर्धन सामूहिक विवाह समारोह शनिवार से शुरु होगा।

संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 51 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे और अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह के पहले दिन पारंपरिक विधि-विधान के साथ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विवाह समारोह में शामिल कई वर-वधू ऐसे भी हैं, जिनका निःशुल्क उपचार, ऑपरेशन, कृत्रिम अंग अथवा सहायक उपकरण संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।

समारोह के दूसरे दिन सभी जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र अग्नि के सात फेरे लेकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। साथ ही नवदंपतियों को गृहस्थी के उपयोग की आवश्यक सामग्री भी भेंट की जाएगी। दो दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए अतिथि, समाजसेवी और दानदाता भी शामिल हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित