जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उदयपुर जिले में वृत्त दरौली हाल तहसील कार्यालय वल्लभनगर भू-अभिलेख निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राणावत को एक मामले में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने सोमवार को बताया कि एसीबी चौकी स्पेशल यूनिट उदयपुर को परिवादी ने गत 13 फरवरी को शिकायत की कि उसकी राजस्व ग्राम राणाकुई, पटवार हल्का गोटिपा, तहसील वल्लभनगर, जिला उदयपुर में करीब पांच बिगा कृषि भूमि स्थित है। सेग्रिगेशन कार्यवाही के दौरान त्रुटिवश इस भूमि की किस्म बारानी तृतीय के बजाय भवन दर्ज रिकॉर्ड हो गई थी। जिसकी शुद्धि के लिए परिवादी ने प्रार्थना पत्र तहसीलदार वल्लभनगर के समक्ष पेश किया था, जिस पर तहसीलदार ने जांच के लिए सम्बंधित पटवारी पटवार मण्डल गोटिपा को भेजा और परिवादी के इस भूमि शुद्धिकरण करने के एवज में तहसील कार्यालय वल्लभनगर के भू-अभिलेख निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राणावत द्वारा परिवादी का यह कार्य करवाने की एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग की गई।

इस पर एसीबी टीम द्वारा अग्रिम ट्रेप कार्यवाही करते हुये श्री राणावत को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मामले में तहसीलदार वल्लभनगर, उदयपुर की भूमिका संदिग्ध है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव की देखरेख में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित