जयपुर , फरवरी 27 -- राजस्थान के उदयपुर जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में एक घर में चल रही अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश कर पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार अवैध हथियार धरपकड़ अभियान के तहत भीण्डर पुलिस ने बोरतलाई गांव में दबिश देकर एक अवैध हथियार निर्माण कारखाने का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बनी हुई और अर्धनिर्मित बंदूकें जब्त कर एक व्यक्ति और उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है।

श्री गोयल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बोरतलाई निवासी किशनलाल अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर बिना किसी लाइसेंस के अपने घर पर बंदूकें बनाने का कारखाना संचालित कर रहा है। पुलिस टीम ने चिह्नित स्थान पर छापा मारा, जहां मौके से पांच एकनाल टोपीदार बंदूकें, दोआधी बनी हुई बंदूकें, बंदूक बनाने के लिए काम में आने वाले औजार, कच्चा माल और अन्य उपकरण बरामद हुए। जांच में सामने आया है कि आरोपी इन बंदूकों का अवैध रूप से निर्माण कर उन्हें बाजार में विक्रय करने की फिराक में थे।

पुलिस ने मौके से आरोपी किशन लाल और उसके दोनों बेटों हेमराज एवं हीरालाल निवासी बोरतलाई मोड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह परिवार कब से इस धंधे में लिप्त था और अब तक किन-किन लोगों को इन्होंने हथियार आपूर्ति किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित