उदयपुर , दिसम्बर 15 -- राजस्थान में झीलों की नगरी उदयपुर निवासी मनस्वी अग्रवाल ने अंटार्कटिका महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत शिखर "विन्सन मैसिफ" पर भारतीय ध्वज फहराकर उदयपुर ही नहीं राजस्थान का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित कर दिया है।

मनस्वी के पिता टी आर अग्रवाल ने सोमवार को यहां बताया कि मनस्वी ने गत 12 दिसम्बर को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और वह इस दुर्गम शिखर पर पहुंचने वाली पहली राजस्थानी महिला बन गई हैं। इस दुर्गम शिखर को अब तक राजस्थान का कोई पुरुष भी छू नहीं पाया है।

उन्होंने बताया कि समुद्र तल से करीब पांच हजार मीटर (करीब 16 हजार 500 फुट) की ऊंचाई पर स्थित विन्सन मैसिफ पृथ्वी के अंतिम छोर पर स्थित है। यह पर्वत शिखर पूर्णतः बर्फ से ढका हुआ है, जहां हजारों किलोमीटर तक कोई मानव आबादी नहीं है। चारों ओर केवल बर्फ का साम्राज्य फैला है और तापमान कई बार माइनस 60 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इन्हीं विषम परिस्थितियों के कारण इस शिखर पर सफलतापूर्वक आरोहण को पर्वतारोहण के क्षेत्र में "सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों'' में गिना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित