मऊ , मार्च 6 -- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गोरक्ष प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि भारतीय त्योहार समाज को उत्सव से उत्साह की ओर ले जाने का काम करते हैं और होली का पर्व पारिवारिक एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश देता है।

उन्होंने शीतला माता मंदिर परिसर में आयोजित होली उत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वह उत्सव ही अधूरा है जिसमें उत्साह न हो। होली का पर्व कुटुंब व्यवस्था, पारिवारिक मूल्यों और विश्व बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि इतिहास में अनेक आक्रमण हुए, मंदिरों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन भारत की हजारों वर्ष पुरानी पारिवारिक व्यवस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को कोई नहीं तोड़ सका।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि होली का पर्व समरसता का प्रतीक है। विभिन्न रंगों का एक साथ मिलना अनेकता में एकता का संदेश देता है। इस अवसर पर भोजपुरी कलाकार आर्यन बाबू ने 'होली खेले रघुवीरा' और 'मसाने की होली' समेत कई फाग और भोजपुरी गीत प्रस्तुत किए, जिस पर मौजूद लोग झूम उठे।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब ढाई हजार से अधिक लोग सपरिवार शामिल हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संघ के विभाग प्रचारक अंबेश जी, जिला प्रचारक आर्यम जी, नगर प्रचारक रितेश जी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, उमेश पाण्डेय, देवेंद्र सिंह, अभिषेक खंडेलवाल, शक्ति सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित