कोटद्वार(पौड़ी) , मार्च 23 -- उत्तराखंड के कोटद्वार में आम पड़ाव क्षेत्र में सड़क पर डीजे बजाकर उत्पात मचाने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि इस मामले में पहले ही एक आरोपी को मौके से पकड़ा जा चुका था।
यह घटना 21 मार्च की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि आम पड़ाव क्षेत्र में कुछ युवक सड़क पर तेज आवाज में डीजे बजाकर शोर-शराबा कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब युवकों को समझाने का प्रयास किया तो दो युवक-मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू-पुलिस से उलझ गए और अभद्रता करने लगे।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोहम्मद शाहिद को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित