लखनऊ , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार निर्माण श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करने और उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से बुधवार को राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज, बुद्धेश्वर तथा बाराबिरवा (आशियाना) स्थित श्रमिक अड्डों पर जागरूकता अभियान एवं पंजीयन शिविरों का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार, उनके बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करना है। जागरूकता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भागीदारी की और मौके पर ही पंजीयन एवं नवीनीकरण की सुविधा का लाभ उठाया।
शिविरों में श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, गंभीर बीमारी सहायता योजना सहित बोर्ड द्वारा संचालित प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया।
जागरूकता शिविर में अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-06 एवं कक्षा-09 में प्रवेश हेतु अधिकाधिक आवेदन कराने पर विशेष जोर दिया गया। बोर्ड के अंतर्गत न्यूनतम तीन वर्ष की अवधि पूर्ण कर चुके श्रमिकों को अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया गया।
शिविर के आयोजन में विज्ञान फाउंडेशन एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के साथ श्रम प्रवर्तन अधिकारी शक्तिराय, संतोष कुमार एवं सुनील कुमार की सक्रिय उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित