जौनपुर , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद प्रभारी ए.के. शर्मा ने कहा है कि आम बजट आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा तथा इससे प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

श्री शर्मा ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बजट 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसी योजनाओं को नई गति देने की महत्वाकांक्षी रूपरेखा प्रस्तुत करता है। यह 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विकास का नया केंद्र वाराणसी अब केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगी। दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को देश की राजधानी से जोड़ेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नया एम्स तथा बुंदेलखंड क्षेत्र में आईआईटी की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रामा सेंटर स्थापित करने और हेल्थ स्टेट के रूप में विकसित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। कैंसर की 17 दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त किए जाने से आम परिवारों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि लखनऊ में एआई सिटी तथा वाराणसी में लॉजिस्टिक हब विकसित किया जाएगा। हापुड़ और सहारनपुर में एग्री एक्सपोर्ट जोन स्थापित करने तथा गंगा एक्सप्रेस-वे विस्तार के लिए 22,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। खेल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू की गई है, जिससे मेरठ जैसे शहरों को विशेष लाभ होगा।

श्री शर्मा ने कहा कि 12.2 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से प्रदेश के टीयर-2 और टीयर-3 शहरों का कायाकल्प होगा। पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में सड़कों, फ्लाईओवर और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि चमड़े से बने उत्पाद सस्ते होने से कानपुर और आगरा के उद्योगों को लाभ मिलेगा। साथ ही अयोध्या, काशी, मथुरा और आगरा सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने विशेष पहल की है। 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों के चयन की योजना में उत्तर प्रदेश के शहरों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर भाजपा मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह तथा जिला मंत्री डॉ. अमित श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित