लखनऊ , फ़रवरी 03 -- उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार तड़के कानपुर, औरैया, जालौन समेत करीब 10 जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।

उन्नाव, चित्रकूट और इटावा में करीब आधे घंटे तक ओलावृष्टि हुई, जिससे सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बेमौसम बारिश और ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं और किसानों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

अचानक बदले मौसम के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोग घरों में दुबके रहे, जबकि जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को छाता और रेनकोट का सहारा लेना पड़ा। वहीं, लखनऊ, अलीगढ़, मैनपुरी, बुलंदशहर समेत लगभग 20 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। बर्फीली हवाओं के कारण ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई इलाकों में दृश्यता शून्य के करीब दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश के 26 जिलों में बारिश और 29 जिलों में भीषण घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित