लखनऊ, 13 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अगला अध्यक्ष बनने के लिए शनिवार को पार्टी के लखनऊ दफ्तर में अपना नामांकन दाखिल किया।
वह अपना नामांकन दाखिल करने के लिए आज दोपहर लखनऊ पहुंचे और चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से सीधे भाजपा कार्यालय के लिए रवाना हो गए। यहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। महाराजगंज जिले से बड़ी संख्या में उनके समर्थक लखनऊ एयरपोर्ट और पार्टी कार्यालय दोनों जगहों पर पहले से ही मौजूद थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उनके प्रस्तावक बने। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव विनोद तावड़े, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना और बेबी रानी मौर्य भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित