प्रयागराज, (वार्ता) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के छिवकी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर शाम को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बियर की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त को प्लेटफार्म नंबर दो से पकड़ा गया। गिरफ्तार किया गया युवक विवेक कुमार बिहार में पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के नया टोला गोविंदपुर गोड़ैया स्थान का निवासी है। युवक के पास से 20 बोतल अवैध बियर बरामद किया गया है। रेलवे में बढ़ती चोरी, अवैध तस्करी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान पर थी। इस दौरान एक युवक पर टीम ने शक करते हुए रोका और उसकी तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी विवेक कुमार के कब्जे से एक पिड्डू बैग में हंटर प्लेटिनम स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बियर की 20 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 500 मिलीलीटर की थी और उन पर "फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश वनली " लिखा हुआ था। बरामद बियर की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3500 रुपये है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर जीआरपी ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी कर रहा था। वह इसे बिहार प्रांत ले जाकर ऊंचे दामों में बेचकर अवैध धन अर्जित करने की फिराक में था। सघन तलाश अभियान में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह थाना जीआरपी प्रयागराज, उपनिरीक्षक रामकरन सिंह प्रभारी चौकी जीआरपी छिवकी, उपनिरीक्षक राजकुमार चौहान प्रभारी चौकी जीआरपी नैनी, एएसआई लाखन सिंह सीआईबी आरपीएफ, हेड कांस्टेबल अमित कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल शिवनंदन शर्मा, कांस्टेबल दिनेश चंद्र मिश्रा, कांस्टेबल संजय कुमार यादव शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित