लखनऊ , दिसंबर 18 -- भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप बना रहेगा और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि निचले वायुमंडल में बनी प्रतिकूल परिस्थितियों, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर तराई और मैदानी क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की जाएगी।
विभाग के मानकों के अनुसार जब मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहता है, तो उसे शीत दिवस कहा जाता है। वहीं यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम हो जाए, तो गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है।
आईएमडी के अनुसार देर रात से सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित