अयोध्या , अप्रैल 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के लोगों को दो नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी।
श्री मोदी ने पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस स्टेशन से वाराणी से हडपसर (पुणे) और अयोध्या से मुंबई के लिए दो नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ ही प्रदेश में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या चार हो गयी है। श्री मोदी ने प्रदेश में सबसे पहले 30 दिसंबर 2023 को अयोध्या नाम जंक्शन से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
बनारस-पुणे-बनारस के बीच संचालित होने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की पहचान ट्रेन संख्या 22589/22590 के तौर पर होगी। वहीं अयोध्या-मंबई -अयोध्या अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की पहचान ट्रेन संख्या 22111/22112 के तौर पर होगी।
यह 22 कोचों वाली अमृत भारत एक्सप्रेस बनारस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन शाम सवा छह बजे रवाना होगी और 30 घंटे बाद, यानी तीसरे दिन रात 12:10 बजे हडपसर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
यह ट्रेन बनारस, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, ओराई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, ईटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, रोपर गांव, अहिल्याबाई नगर, डाउंड कोर्ड लाइन और हडपसर रेलवे स्टेशन (पुणे) स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस ट्रेन के संचालन से न केवल बनारस बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी यात्रा में सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक नयी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रस्तुत करेगी। वहीं दूसरी ट्रेन अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गयी है। इन दोनों ही ट्रेनों के शुरू होने की वजह से उत्तर प्रदेश का महाराष्ट्र से सीधा जुड़ाव हो सकेगा। यह ट्रेन न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगी।
अयोध्या धाम जंक्शन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से होकर जाएगी। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। सप्ताह में एक दिन ही इस ट्रेन संचालन होगा।
गौरतलब है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से लाखों लोग रोजी, रोटी के सिलसिले मुंबई में रहते हैं और इस ट्रेन के शुरू होने से उन्हें काफी सहुलियत मिलेगी।
यह ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन से शाम 4:45 बजे रवाना होगी। मां बेल्हा देवी जंक्शन प्रतापगढ़ शाम 6:50 बजे पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद यह लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए प्रस्थान करेगी।ट्रेन दूसरे दिन रात नौ बजकर पांच मिनट पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इस ट्रेन में 22 कोच होंगे। सप्ताह में एक दिन इसका संचालन निर्धारित किया गया है। हालांकि अभी दिन सुनिश्चित नहीं किया गया है।
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) तक चलेगी। यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे रूकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित