लखनऊ , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के आधिकारिक आवास ''राजभवन'' का नाम परिवर्तित कर ''जन भवन' किया गया है।
आज यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार 'गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नयी दिल्ली द्वारा राज्यपाल के आधिकारिक आवासों के नामकरण के मानकीकरण के संबंध में निर्गत निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के आधिकारिक आवास का नाम परिवर्तन किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार पूर्व में ''राज भवन'' के नाम से ज्ञात राज्यपाल के आधिकारिक आवास को अब ''जन भवन'' नाम दिया गया है। इस निर्देश के क्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल का आधिकारिक आवास तत्काल प्रभाव से समस्त शासकीय एवं वैधानिक प्रयोजनों के लिए ''जन भवन'' के नाम से अभिहित एवं संबोधित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित